
जयपुर (आकाश शर्मा)। सिविल लाइंस क्षेत्र के वार्ड 50 में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक गोपाल शर्मा ने शनिवार को विवेक विहार स्थित संतोषी माता मंदिर से क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं फुटपाथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह कार्य लगभग 30 लाख रुपए की लागत से करवाया जा रहा है।
कार्यक्रम में निवर्तमान पार्षद एवं चेयरमैन पवन शर्मा नटराज ने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग से वार्ड 50 में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।

इस अवसर पर विधायक गोपाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करते समय क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से परामर्श जरूर लिया जाए ताकि हर वर्ग की आवश्यकता अनुसार योजनाएं बनाई जा सकें। उन्होंने कहा कि सिविल लाइंस क्षेत्र के सर्वांगीण और सर्वसमावेशी विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। प्रत्येक वार्ड में सुविधाओं का संतुलित विस्तार ही हमारी प्राथमिकता है। विधायक शर्मा ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता सर्वेक्षण में वार्ड 50 के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और नगर निगम टीम के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर श्याम नगर मंडल महामंत्री मानवेंद्र सिंह, विवेक विहार पर्यावरण समिति के अध्यक्ष सुभाष शर्मा, वरिष्ठ नेता कबूल सिंह, मनमोहन कौशिक, उर्वेश सिंघल, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यालय मंत्री दीपक शर्मा सहित विभिन्न स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
