मेयर फिरहाद हकीम ने चार विधानसभा क्षेत्रों में ‘वोट रक्षा शिविर’ का निरीक्षण

कोलकाता, 01 दिसंबर । राज्य में मतदाता सूची के विशेष सघन संशोधन (एसआईआर) कार्य की प्रक्रिया जारी है। सोमवार को कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने चार विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे ‘वोट रक्षा शिविरों’ का निरीक्षण किया।

निरीक्षण की शुरुआत टालिगंज विधानसभा क्षेत्र के विजयगढ़ से हुई। इसके बाद मेयर ने कसबा विधानसभा के तपसिया इलाके में 24 नंबर बस स्टैंड के समीप कार्य प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के मंत्री एवं विधायक जावेद खान, स्थानीय कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद थे।

तीसरे चरण में मेयर हकीम चौरंगी विधानसभा के ‘वॉर रूम’ पहुंचे, जहां 51 नंबर वार्ड के मतदाता सूची संशोधन का अभियान चल रहा है। यह शिविर तृणमूल कांग्रेस द्वारा ‘वोट रक्षा शिविर’ के रूप में स्थापित किया गया है। पार्टी के पार्षद इंद्रनील कुमार समेत कई पदाधिकारी निरीक्षण के लिए उपस्थित थे।

दिन के अंत में मेयर जोड़ासांको विधानसभा क्षेत्र भी गए, जहां विधायक विवेक गुप्ता ने भी शिविर की प्रगति पर चर्चा की। सभी ने मतदाता सूची के संशोधन के अभियान को तेज़ी से पूरा करने के लिए जरूरी कदमों पर विस्तार से बातचीत की।

मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि ‘वोट रक्षा शिविरों’ में कार्य की कड़ी निगरानी हो रही है ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। यह अभियान लोकतंत्र की मजबूती और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *