जयपुर (आकाश शर्मा)। विधायक गोपाल शर्मा के नेतृत्व में रविवार को 22 गोदाम स्थित होटल होलीडे इन में सिविल लाइंस विजन समिट का आयोजन हुआ। इस समिट में जयपुर के प्रमुख व्यापारी, उद्योगपति, सामाजिक संगठनों और शिक्षा जगत की जानी-मानी हस्तियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और सतत विकास के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।
विकास कार्यों और समस्याओं पर प्रजेंटेशन
विधायक गोपाल शर्मा ने समिट में उपस्थित प्रबुद्धजनों को एक विस्तृत प्रजेंटेशन के माध्यम से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार और आधारभूत संरचना की चुनौतियों से भी अवगत कराया। शर्मा ने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) से बड़े पैमाने पर संसाधन जुटाए जा सकते हैं।
सहयोग की अपील
शर्मा ने व्यापारिक समुदाय से अपील की कि वे अपने सामाजिक उत्तरदायित्व को निभाते हुए क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने सिविल लाइंस को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने के अपने विजन को साझा करते हुए प्रबुद्धजनों से नियमित फीडबैक और सुझाव देने आह्वान किया।
प्रबुद्धजनों का समर्थन
कार्यक्रम में शामिल सामाजिक- व्यापारिक संगठनों और शिक्षा जगत की हस्तियों ने विधायक की इस पहल की सराहना की और सिविल लाइंस को प्राथमिकता देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने इस समिट को सामाजिक विकास और क्षेत्र को समृद्ध बनाने की दिशा में एक अभिनव कदम बताया।
मॉडल विधानसभा की ओर अग्रसर
इस समिट को सिविल लाइंस को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। विधायक शर्मा ने आश्वासन दिया कि जनसहयोग से क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन एक प्रेरणादायक उदाहरण है, जहां जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और व्यापारिक समुदाय सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति के लिए एकजुट हैं।