दुर्गापुर। दुर्गापुर कांकसा के बांशकोपा स्थित एक निजी इस्पात कारखाने में काम के दौरान क्रेन का तार टूटने से एक मज़दूर की मौत हो गई। दो और मज़दूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को दुर्गापुर के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद मज़दूरों ने मुआवज़े और सुरक्षा की मांग को लेकर कारखाने के गेट पर प्रदर्शन किया,मज़दूरों का आरोप है कि कारखाने में काम करने के लिए उनके पास न्यूनतम सुरक्षा उपाय भी नहीं हैं। उन्हें कारखाने में काम करने के लिए कोई पहचान पत्र भी नहीं दिया गया था। कांकसा के बंशकोपा स्थित एक निजी इस्पात कारखाने में काम करते समय रविवार रात अचानक क्रेन का तार टूट गया। ऊपर से लोहे के उपकरण और लोहे के तार मज़दूरों पर गिर पड़े। दुर्गापुर के सागर भांगर निवासी सोनी कुमार यादव (28) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद, सोमवार सुबह से ही मज़दूरों ने कारखाने के अंदर ही धरना शुरू कर दिया। मज़दूरों की माँग है कि जब तक कारखाना प्रशासन मृतक मज़दूर के परिवार को मुआवज़ा और अन्य मज़दूरों को सुरक्षा प्रदान नहीं करता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। मज़दूरों के आंदोलन के कारण फ़ैक्टरी में काम बंद हो गया। सूचना मिलने पर कांकसा थाने से भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रण में किया।