ईसीएल ने विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में बराचक कॉलोनी एवं आस-पास के क्षेत्रों में एक विशेष स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण का अंत” को ध्यान में रखते हुए, सड़कों के किनारे और कॉलोनी क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक कचरे को एकत्र किया गया ।
इस अभियान का नेतृत्व श्री महिधर झा, मुख्य प्रबंधक (खनन), पर्यावरण विभाग ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। पर्यावरण विभाग द्वारा स्थानीय निवासियों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में ईको-फ्रेंडली उत्पादों के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया, जिसे “एक पेड़ माँ के नाम” संदेश के साथ लोगों को भेंट किया गया।
इस पहल का उद्देश्य न केवल पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना था, बल्कि कर्मचारियों एवं आम नागरिकों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को भी जागृत करना था। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छ, हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।