पुरुलिया जिला के मानबाजार के माकरकेंडी में शुरू हुआ महिला छउ संस्कृति मेला

पुरुलिया : पुरुलिया जिले में पहली बार मानबाजार थाना के माकरकेंडी गांव में महिला छउ कलाकारों का तीन दिवसीय महिला छउ संस्कृति मेले का अनुष्ठानिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिमी क्षेत्र विकास परिषद की मंत्री संध्यारानी टुडू, पुरुलिया जिला परिषद की अध्यक्ष निवेदिता महतो, जिला परिषद सदस्य अर्जुन महतो, गीतांजलि महतो, प्रख्यात समाजसेवी गुरुपद टुडू, नवकिशोर परमानिक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार मेले में उन्नीस महिला छउ नृत्य दल भाग ले रही हैं। मेले की शुरुआत महिला कलाकारों की एक साथ नृत्य प्रस्तुति से हुई। इस मेले में महिलाओं के छउ नृत्य के अलावा अन्य लोक संस्कृति कलाकारों ने भी भाग लिया। यह मेला पुरुलिया जिला महिला छउ डांस एसोसिएशन की पहल के तहत आयोजित किया गया।
इस मेले के आयोजकों की ओर से संदीप कुमार महतो ने कहा कि यह पहली बार है कि पुरुलिया जिले की महिला कलाकारों के साथ इस मेले का आयोजन किया गया है। आने वाले दिनों में पुरुलिया जिले की लड़कियों को छउ नृत्य के लिए प्रोत्साहित करने और सभी महिला छउ कलाकारों को एक साथ लाने के उद्देश्य से मेले का आयोजन किया गया है। इस दिन महिलाओं ने टुसु गीत और नाच भी प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *