मनमोहन सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने जताया दुख

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल डॉक्टर सीवी आनंद बोष (फाइल फोटो)

कोलकाता, 27 दिसंबर  । भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आकस्मिक निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, हमारे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के अचानक निधन से मैं गहरे सदमे और दुख में हूं। मैंने उनके साथ काम किया है और केंद्रीय मंत्रिमंडल में उन्हें बहुत करीब से देखा है। उनकी विद्वत्ता और ज्ञान बेजोड़ थे, और देश में उनके द्वारा शुरू किए गए वित्तीय सुधारों की गहराई व्यापक रूप से स्वीकार की जाती है। देश उनके नेतृत्व को याद करेगा और मैं उनके स्नेह को याद करूंगी। उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

राज्यपाल डॉ. सी. वी. आनंद बोस ने अपने संदेश में कहा, माननीय डॉ. मनमोहन सिंह के दुखद निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। वे एक प्रिय, विनम्र, विद्वान और समर्पित लोक सेवक थे, जिन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के पद को सुशोभित किया। राष्ट्र उन्हें प्यार करता है, राष्ट्र उनका सम्मान करता है। वे अपनी विनम्रता, क्षमता और भारत के लोगों के प्रति समर्पण में अद्वितीय थे। उनकी आत्मा को शांति मिले और उनकी यादें हमें सदा प्रेरित करें। राज्यपाल ने उन दिनों को याद किया हैं जब उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह के अधीन कार्य किया था और उन्हें जो प्रोत्साहन मिला।

डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में गुरूवार रात को निधन हो गया। वे उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे और दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उनका इलाज चल रहा था।

अपने आर्थिक सुधारों के माध्यम से उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। भारत सरकार ने उनके निधन पर सात दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?