
रानीगंज। पिछले शुक्रवार से पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई इलाका जलमग्न हुआ। बारी बारिश के वजह से रानीगंज के 88 नंबर वार्ड के हुसैन नगर और 37 नंबर वार्ड के राजा पाड़ा क्षेत्र में जलभराव के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं, और स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि कई घरों में खाना भी नहीं बन पा रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण एक घर के ढहने की भी सूचना मिली है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि अगर स्थिति इसी प्रकार रही, तो यहां पर किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि भारी बारिश के दौरान इस इलाके में हर साल ऐसी नारकीय स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। जब इस बारे में इलाके की कुछ महिलाओं से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि हर साल बारिश में उन्हें इसी प्रकार की मुसीबतों का सामना करना पड़ता है, लेकिन कोई भी राजनीतिक नेता उनकी समस्या सुलझाने में दिलचस्पी नहीं दिखाता। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आ जाते हैं, लेकिन उसके बाद वे कभी नजर नहीं आते। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसों से यही स्थिति है, बारिश के मौसम में उनके घरों में पानी घुस जाता है और घुटनों तक पानी भर जाता है। उन्हें आने-जाने में भी दिक्कतें होती हैं और घर में रहना भी मुश्किल हो जाता है। प्रशासन की तरफ से कभी-कभी उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित करने की बात की जाती है, लेकिन भारी बारिश और जलभराव की वजह से उनका दूसरी जगह जाना भी मुश्किल हो जाता है। स्थिति बेहद गंभीर है, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वहीं हुसैन नगर के स्थानीय निवासी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण उनके घरों में पानी घुस गया है,जिससे उनकी दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई है। हुसैन नगर के कई घर जलमग्न हो गए हैं और वहां रहने वाले लोग खाने-पीने की चीजों के लिए भी जूझ रहे हैं। इसके अलावा, इलाके में बिजली की आपूर्ति भी ठप है, जिससे स्थिति और विकट हो गई है। यह पहली बार नहीं है जब हुसैन नगर इस तरह की समस्या से जूझ रहा है। इससे पहले भी 88 नंबर वार्ड में बारिश के कारण भयावह स्थिति उत्पन्न हो चुकी है, जहां लोगों को नाव के जरिए सुरक्षित निकाला गया था। घरों के अंदर पानी इस कदर घुस गया था कि लोग खाने और सोने के लिए भी चिंतित हो गए थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कई सालों से चली आ रही है, और हर बारिश में हुसैन नगर के लोग जलभराव की समस्या से परेशान होते हैं। अगर लगातार बारिश जारी रही तो हुसैन नगर के लोग फिर से भय और दहशत में आ जाएंगे।
