कोलकाता, 25 जुलाई । मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराए जाने की घटना के खिलाफ पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस सड़कों पर उतरने जा रही है। पार्टी की महिला इकाई की ओर से बुधवार को कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में भी विरोध मार्च किया जाएगा। तृणमूल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मणिपुर में जो घटना हुई है वह लज्जाजनक है। राजनीतिक मतभिन्नता को परे हटा कर इसके खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा। महिला संगठन की ओर से बुधवार को बड़ा आंदोलन होगा। पूरे घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस की नजर है। प्रत्येक जिले में इसके खिलाफ आंदोलन होंगे।
उल्लेखनीय है कि मणिपुर की घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्य विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाने की भी घोषणा की है।