कोलकाता, 17 जुलाई। पश्चिम बंगाल के बैरकपुर स्टेशन पर सप्ताह के पहले दिन सोमवार को रेलवे पटरी पर विरोध प्रदर्शन हुआ है। इसकी वजह से कई लोकल ट्रेनों और एक्सप्रेस ट्रेनों को रोक देना पड़ा। सप्ताह के पहले दिन दफ्तर जा रहे लोगों को इसकी वजह से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। सुबह 9:00 बजे के करीब बैरकपुर के 14 नंबर रेल गेट को बैरकपुर नागरिक मंच के कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। दावा है कि यहां रेल गेट के पास एक फुट ओवर ब्रिज था जो सुरक्षित तौर पर यात्रियों को इस पार से उस पार जाने में मददगार था लेकिन रेलवे ने इसे तोड़ दिया है। इसकी वजह से काफी परेशानी हो रही है। इसे तत्काल बनाने की मांग की गई। दावा है कि कई बार रेलवे अधिकारियों को पत्र दिए जाने के बावजूद कुछ नहीं हुआ जिसके बाद विरोध प्रदर्शन हुआ है। करीब डेढ़ तक लोकल ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही जिससे काफी परेशानी हुई है। मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया बुझाया और आश्वासन दिया कि जल्द ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन खत्म हुआ है। बहरहाल रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर हटा दिया गया है। सुबह 11:00 बजे के करीब ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया है।
