पुलिस ने सुलझाई लेकटाउन फायरिंग की गुत्थी, पांच गिरफ्तार

 

कोलकाता, 17 जुलाई । लेक टाउन में सरेआम गत 13 तारीख को दमकल कर्मी स्नेहाशीष रॉय की गोली मारकर हत्या मामले की गुत्थी पुलिस ने आखिरकार सुलझा ली है। इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान अफरोज अंसारी, आयुष शर्मा, आकाश, सागर और राहुल के तौर पर हुई है। बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर बिशॉप सरकार ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 तारीख को स्नेहाशीष जब स्कूल से अपनी बच्ची को लेकर घर लौटे और मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे तभी पीछे से उन्हें प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी गई। उनकी पत्नी जब उन्हें आरजी कर अस्पताल ले गई तो चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के दो घंटे के अंदर अफरोज अंसारी और आयुष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया था। आयुष ने स्वीकार किया था कि उसी ने स्नेहाशीष को गोली मारी थी। टीटागढ़ थाना क्षेत्र से इन दोनों को गिरफ्तार किया गया था। लगातार पूछताछ के बाद 14 जुलाई को आकाश को गिरफ्तार किया गया, 15 को सागर को और 16 जुलाई को राहुल की गिरफ्तारी हुई। मध्यमग्राम इलाके में सागर के घर से ही हत्या के लिए इस्तेमाल हुई बंदूक को भी बरामद कर लिया गया है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि किस वजह से हत्या हुई थी यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है लेकिन इसमें दो एंगल सामने आए हैं। सागर ने बताया है कि उसी ने अफरोज अंसारी और आयुष शर्मा समेत बाकी लोगों को स्नेहाशीष की हत्या की सुपारी दी थी। कुछ दिनों पहले उसने अपनी पत्नी के साथ स्नेहाशीष को देखा था जिसके बाद से उसे इस बात का संदेह था कि पत्नी के साथ दमकल कर्मी का अवैध संबंध रहा है। इसके अलावा उसकी एक लॉटरी दुकान है जिसका कारोबार बेहद मंदा चल रहा था। इसके पीछे भी वह स्नेहाशीष को ही वजह मान रहा था। मामले में और अधिक पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *