कोलकाता, 14 जुलाई । पश्चिम बंगाल में शनिवार को संपन्न हुए पंचायत चुनाव मतदान और उसके बाद मतगणना को केंद्र कर तमाम तरह की धांधली के मामले उजागर हुए हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया था जब हावड़ा के जगाछा इलाके में बड़ी संख्या में बैलेट पेपर सड़कों पर बिखरे हुए पाए गए हैं। ये ऐसे बैलट पेपर हैं जिन पर वोटिंग के निशान हैं। यानी लोगों ने उनके जरिए अपने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट दिया था। बावजूद इसके उनके सड़कों पर पड़े रहने की वजह से यहां हुए चुनाव परिणाम पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं। इसे लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति अमृता सिन्हा की एकल पीठ में शुक्रवार को एक याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान कोर्ट के बुलावे पर जगाछा के बीडीओ भी हाजिर हुए। उन्होंने बताया कि मतगणना वाले दिन मतपेटियों को छीन लिया गया था। उन्हीं में से बैलट पेपर सड़कों पर बिखरे पड़े मिले हैं। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और इस पूरे घटना के बारे में चुनाव आयोग को जानकारी दी गई थी। इसके बाद कोर्ट ने इस संबंध में चुनाव आयोग से लिखित में जवाब मांगा है। अगले हफ्ते मामले की सुनवाई होनी है।
