कोलकाता, 13 मई । भाजपा छोड़ तृणमूल में शामिल हुए विधायक को तृणमूल ने शिक्षा प्रकोष्ठ के प्राथमिक शिक्षक संगठन का अध्यक्ष बनाया है। शिक्षा मंत्री ब्रात्य बोस ने शनिवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कालियागंज के विधायक सौमेन राय को प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। वह तुफानगंज, कूचबिहार में प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक हैं। इससे पहले तृणमूल ने बागदा से भाजपा विधायक विश्वजीत दास को पार्टी के बनगांव सांगठनिक जिले का अध्यक्ष बनाया था। उन्होंने भाजपा छोड़कर तृणमूल की सदस्यता ली थी। अब भाजपा छोड़कर तृणमूल में शामिल होने वाले एक और विधायक को भी तृणमूल के शिक्षा प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया।
सौमेन चार सितंबर, 2021 को तृणमूल में शामिल हुए थे। प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पलाश साधुखान को संगठन का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वह कोलकाता के सूर्य सेन स्ट्रीट के एक प्राइमरी स्कूल में काम करते हैं। ब्रात्य ने बताया कि प्रतिम हलदार को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक संघ का नया अध्यक्ष बनाया गया है। वह एक शिक्षक भी हैं। बिजन सरकार कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। इसके अलावा साइड टीचर्स, शिक्षा मित्रों और शिक्षा सहयोगियों के साथ एक नए संगठन की घोषणा की गई है। प्राथमिक शिक्षक मैदुल इस्लाम को नए संगठन का अध्यक्ष बनाया गया है। उस संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष रमीउल इस्लाम बने हैं।
ब्रात्य ने कहा, जिम्मेदारी देने में ‘गैर-सांप्रदायिक’ और ‘धर्मनिरपेक्ष चेहरे’ को महत्व दिया गया है। मेहनती, प्रोफेशनल गुणों को देखकर उन्हें जिम्मेदारी दी गई। उन्होंने यह भी कहा कि ये लोग जल्द ही जिला कमेटी के सदस्यों की घोषणा करेंगे।
प्रेस कांफ्रेंस में राज्य मंत्री मानस भुइयां मौजूद रहे।