देव दीपावली: खिड़कियां घाट पर बनाई गई आकर्षण रंगोली, शाम को सजेगा दीपों का हार

श्री काशी विश्वनाथ में उमड़ने लगे श्रद्धालु,लगी लम्बी कतार,मंदिर का स्थापना दिवस

चेतसिंह घाट पर दीवार पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम धर्म का व्याख्यान

वाराणसी,07 नवम्बर । देव दीपावली पर्व पर सोमवार को पूर्वांह से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। बैकुंठ चतुर्दशी पर श्री काशी विश्वनाथ दरबार के स्थापना दिवस पर भोग आरती के बाद दर्शन के साथ धाम की भव्य सजावट देखने के लिए लोग पूर्वाह्न से ही कतारबद्ध होने लगे। पर्व पर धाम को 50 टन देसी-विदेशी फूलों से सजाया गया है। इनमें ऑर्किड, एन्थुरियम-राजहंस, लीलुम्स – कुमुदिनी, हाइड्रेंजिया, कार्नेशन, गुलाब, जिप्सी, ब्लू डाई, कृशान्ति, रजनीगंधा, गोम्फरेना, मदार, कमल आदि फूल शामिल है। फूलों को थाईलैंड, बंगलोर, कलकत्ता, उटी से मंगाया गया है। विशाखापत्तनम निवासी बाबा के एक भक्त ने धाम को लगभग 80 लाख रुपये के फूलों से सजाया है। काशी विश्वनाथ धाम फूलों से गमक रहा है। उधर,प्रदेश और जिला प्रशासन के साथ ही काशीवासी भी देव दीपावली को दिव्य बनाने में जुट गए हैं। सुबह से चली घाटों पर इसकी तैयारी पूरी हो गई है। खिड़किया घाट पर आकर्षक रंगोली बनाई गई है। शाम के वक्त असंख्य दीपों की रोशनी से गंगा का किनारा नहा उठेगा। इसकी छटा अद्भुत व अलौकिक होगी।

पर्व पर गंगा की धारा के साथ दोनों किनारे रोशनी से नहा उठेंगे। काशी में ऐसी मान्यता है कि देवता भी काशी की देव दीपावली के साक्षी बनते हैं। आयोजन के दौरान कई स्थानों पर भव्य आतिशबाजी भी होगी। इस अलौकिक छटा को देखने के लिए लोगों का रेला अपरान्ह से ही घाटों की ओर चल पड़ा है। मुख्य कार्यक्रम राजघाट पर आयोजित है। इसमें सूबे के पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। प्रभु घाट पर भी काफी भव्य रंगोली बनाई रही है। पहली बार काशी के ऐतिहासिक घाट की दीवार पर 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग के माध्यम धर्म की व्याख्या होगी। इसके जरिए काशी आने वाले पर्यटक मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण व देव दीपावली की कथा सुन सकेंगे। गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो के माध्यम से भगवान शिव के भजन की प्रस्तुति भी होगी। 20 मिनट का शो कई बार दिखाया जाएगा, जिससे देव दीपावली पर वाराणसी के घाटों पर आने वाले सभी श्रद्धालु देख सकेंगे। इस शो का आयोजन चेत सिंह घाट पर होगा। घाट से गंगा की गोद में लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो भी होगा, जो टाइम कोड द्वारा प्रसारित किया जाएगा। इसमें संगीत की ध्वनि के साथ लेज़र और लाइट्स का एक अनूठा तालमेल देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Open chat
1
Hello
Can we help you?