क्रांति कुमार पाठक
———————–
वास्तव में मानव प्रजाति को अगर प्रकृति का सबसे बड़ा दुश्मन कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। क्योंकि मनुष्य प्रकृति के साथ जो ज्यादती दशकों से करता चला आ रहा है, उसका सीधा प्रभाव हमें वर्तमान में देखने को मिल रहा है। देश में मानसून के आगमन अर्थात वर्षा ऋतु के आते ही एक ओर जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है वहीं आम लोग आसमानी आफतों जैसे बाढ़, भूस्खलन, आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं से भयाक्रांत हो उठते हैं। बीते दिनों बिहार, झारखंड, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत देश भर के कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ी संख्या में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। सिर्फ बिहार में ही अब तक पांच 170 से अधिक जानें जा चुकी हैं। बीते 14 जून को ही बिहार में वज्रपात से 13 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें मधुबनी जिले में दो बच्चे और एक ट्रैक्टर चालक की मौत शामिल है। फिर 28 जून को आकाशीय वज्रपात से 22 लोगों की मौत हुई थी। इसमें सारण में पांच, भोजपुर में चार और बक्सर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, अररिया और बांका जिले में एक एक लोग की मौत हुई थी। इससे पहले 21 जून को खगड़िया जिले के परबत्ता क्षेत्र में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। 1 जुलाई को नालंदा में तीन, जहानाबाद, बांका, बेतिया में एक एक लोगों की मौत आकाशीय बिजली के चपेट में आने से हो गई थी। 20 जुलाई को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से आठ लोगों की जान चली गई थी। इसमें सारण जिले में दो, सीवान, नालंदा, बेगूसराय, गया, खगड़िया और समस्तीपुर जिले में एक एक लोगों की मौत हुई थी। अगस्त माह के पहले ही दिन बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक किसान व उसकी गाय की मौत हो गई। फिर 6 अगस्त को सूबे में आकाशीय बिजली के चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें छपरा में पांच मुजफ्फरपुर में दो और जहानाबाद में एक लोगों की मौत हुई है।
इस तरह राज्य में आकाशीय बिजली अथवा वज्रपात से आए दिन लोगों की मौत हो रही है। इस साल राज्य में अब तक आकाशीय बिजली के चपेट में आने से 170 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें केवल दो महीने जून-जुलाई में ही 84 लोगों की मौत हो गई है। पिछले साल 2021 में वज्रपात से 280 और 2020 में रिकॉर्ड संख्या में 459 लोगों की मौत हुई थी। जबकि,2019 में वज्रपात से 253 तो 2018 में 139 लोगों की जान गई थी। कुछ वर्ष पहले तक इस तरह की घटनाएं नहीं के बराबर देखने -सुनने को मिलती थी। लेकिन पिछले कुछ सालों से आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं काफी बढ़ गई है, जो कि बहुत ही चिंताजनक स्थिति है। देश में प्रतिवर्ष आकाशीय बिजली गिरने अथवा वज्रपात से हजारों लोगों की मौतें हो रही हैं। भारत में बिजली गिरने की घटनाएं बीते 52 वर्ष में तकरीबन 38 फीसदी तक बढ़ गई है।
दरअसल, आकाशीय बिजली अथवा वज्रपात या तड़ित गिरने के पीछे मुख्य कारण पर्यावरण प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन है। पृथ्वी की सतह का तापमान हर साल औसतन 0.03 डिग्री सेल्सियस के हिसाब से बढ़ रही है। पृथ्वी का वैश्विक तापमान पिछले दशक में हर जगह 1.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। इसके साथ ही महासागरों के सतही जल के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। तापमान में एकाएक बढ़ोतरी से वायुमंडल में अस्थिरता व वाष्प मात्रा में अधिकता तथा प्रदूषकों की सांद्रता बढ़ने से ऊंचाई पर स्थित बादलों में आवेशन की संभावनाएं ज्यादा रहती हैं, जो बिजली गिरने की घटनाओं के पीछे मुख्य रूप से उत्तरदाई है। भू-वैज्ञानिकों ने भी इन्हीं कारणों को बिजली गिरने के लिए जिम्मेदार ठहराया है। वैश्विक संगठन क्लाइमेट रेसिलैंट आब्जर्विंग सिस्टम प्रोमोशन काउंसिल और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान ने मिलकर वर्ष 1967 से 2019 तक प्राकृतिक घटनाओं के औसत और वर्ष 2020 से 2021 की विभिन्न घटनाओं व बदलावों पर अध्ययन कर निम्न आंकड़े जारी किए गए हैं, जिसके अनुसार देश में वर्ष 2019-2020 में एक करोड़ 38 लाख बार बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो वर्ष 2020-2021 में बढ़कर एक करोड़ 85 लाख हो गई थी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिजली भी दो तरह की होती है, एक बादल से दुसरे बादल में जाने वाली और दूसरी बादल से धरती पर गिरने वाली। इसमें बादल से बादल में जाने वाली बिजली की घटनाएं 44 फीसदी बढ़ी हैं। वहीं बादल से धरती पर गिरने वाली बिजली की घटनाओं में 17 फीसदी की वृद्धि हुई है। भारत में हर साल बिजली गिरने की लगभग एक करोड़ से ज्यादा घटनाएं होती हैं, जिनमें दो से ढाई हजार लोगों की मौत हो जाती है। सरकारी आंकड़े के मुताबिक बीते साल भारत में लगभग 800 लोग आकाशीय बिजली अथवा वज्रपात का शिकार हुए थे।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश में सबसे अधिक मध्य प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं घटित होती हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश व राजस्थान का नंबर आता है। आकाशीय बिजली गिरने की 90 फीसदी से अधिक घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में होती है, जहां दिन का तापमान अधिक होता है। वहां पर दोपहर के बाद होने वाली बारिश में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं ज्यादा देखने को मिलती हैं। हालांकि पूरे विश्व में ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं। इनसे बचाव के लिए हमें पूर्वानुमान की तकनीक और माॅडल विकसित करने की आवश्यकता है। इसके गिरने की पूर्व सटीक पूर्वानुमान की जरूरत है। इस दिशा में भारत मौसम विज्ञान व अन्य संबंधित संस्थाओं के साथ सतत् शोध और विकास को बढ़ावा देना चाहिए। अभी भारत में दामिनी एप बिजली गिरने का पूर्वानुमान 20 मिनट पहले दे रही है। इसका समय और बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी तरह आम लोगों में आकाशीय बिजली अथवा वज्रपात के बारे में व्यापक रूप में जागरूकता अभियान चलाना होगा और लोगों को बताना होगा कि वे बारिश के दौरान ऊंचे स्थानों व खुले मैदानों में जाने से बचें। मेघगर्जन के समय विद्युतीय तारों और विद्युत सुचालक संयंत्रों से दूर रहें क्योंकि यह आकाशीय बिजली को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। इसके साथ ही हमें प्राकृतिक घटनाओं में कमी के लिए प्रकृति की रक्षा करनी होगी