दुर्गापुर के कोक ओवन थाने की पुलिस की बड़ी कारवाई, दुर्गापूजा से पहले चोरी हुई बाइक बरामद, पानागढ़ के दो आरोपित गिरफ्तार

दुर्गापुर। दुर्गापूजा से पहले बाइक चोरी की घटना का खुलासा करते हुए कोक ओवन थाने की पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पानागढ़ निवासी देवा चौहान और अजय राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी हुई बाइक भी बरामद कर ली है। बाइक वापस मिलने से दुर्गापुर के विद्यासागर पल्ली निवासी विपुल विश्वास ने राहत की सांस ली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 5 अक्टूबर को विपुल विश्वास अपने एक रिश्तेदार को लेने दुर्गापुर रेलवे स्टेशन गए थे। उन्होंने अपनी बाइक स्टेशन परिसर में खड़ी की थी। रिश्तेदार को लेने के बाद जब वह वापस लौटे, तो बाइक वहां से गायब मिली। उन्होंने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने कोक ओवन थाने में बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद कोक ओवन थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अंजन मंडल के निर्देश पर सहायक उपनिरीक्षक संजय घोष के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपितों को गुरुवार को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी हुई बाइक बरामद हो सकी। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *