
आसनसोल। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल के बाराबनी में लगातार हो रही भारी बारिश ने सड़क व्यवस्था की पोल खोल दी है। नूनी मोड़ से मदनपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का करीब 80 से 90 फीट लंबा हिस्सा अचानक 6 से 7 फीट नीचे धंस गया, जिसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
सड़क धंसने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम रात करीब 3 बजे मौके पर पहुंची और तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए लोगों को इस रास्ते से गुजरने से रोक दिया। सुबह स्थानीय लोगों की मदद से सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास बांस लगाकर बैरिकेडिंग की गई।
बताया जा रहा है कि इस सड़क का निर्माण करीब एक वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। लगातार बारिश के कारण जमीन के भीतर मिट्टी के नरम होने को सड़क धंसने की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, सड़क धंसने के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क धंसने से रोजमर्रा का जनजीवन प्रभावित हुआ है। स्कूली बच्चों के अलावा नौकरी, व्यवसाय और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रशासन ने क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लेते हुए लोगों को आश्वस्त किया है कि मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मार्ग को पूरी तरह बंद रखा गया है।
