कुमारसभा ने हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस

कोलकाता 15 अगस्त। महानगर के प्रतिष्ठित संस्था श्री बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय ने अपने विवेकानन्द रोड़ स्थित नये भवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह से मनाया। झण्डात्तोलन के साथ राष्ट्रगान और वन्देमातरम् गान तथा जय हिन्द और भारतमाता की जय के उद्घोष के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और शौर्य को स्मरण किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष श्री महावीर बजाज ने बताया कि आज हमारी राजनैतिक स्वतंत्रता का 80वां दिवस है किन्तु सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्वतंत्रता के बिना पूर्ण स्वतंत्रता की कल्पना नहीं की जा सकती। वीरों के बलिदानों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजली दी। मंत्री बंशीधर शर्मा ने देश भक्ति तथा युवा जागरण पर अपनी काव्य प्रस्तुति दी। नवोदित कवयित्री श्रीमती मीतू कानोड़िया ने राष्ट्रभक्ति तथा नये परिवर्तन पर अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ कर श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। श्री श्रीमोहन तिवारी ने डॉ. प्रेमशंकर त्रिपाठी रचित वन्देमातरम् कविता का पाठ किया वहीं श्री योगेशराज उपाध्याय ने हम करें राष्ट्र आराधन गीत का पाठ किया। श्री अरुण प्रकाश मल्लावत ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षीय संबोधन में श्री भागीरथ चांडक ने युवाओं को आगे आने का आह्वान किया जिनका सहयोग आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए अति आवश्यक है। इस अवसर पर सर्वश्री संजय रस्तोगी, तेजबहादुर सिंह, सत्यप्रकाश राय, चन्द्रकुमार जैन, गायत्री बजाज, मनोज काकड़ा, सुनील शर्मा, माधव राय, बिनोद राम एवं अरुण सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *