
तिरंगे की छांव में गूंजा राष्ट्रप्रेम
कोलकाता, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि उन अनगिनत बलिदानों, संघर्षों और संकल्पों की जीवंत स्मृति है, जिनकी नींव पर आज हमारा स्वतंत्र भारत खड़ा है। इसी राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना के साथ समर्पण ट्रस्ट एवं अंतर्राष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त तत्वावधान में आजादी की 80वीं वर्षगांठ गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाई गई।
आनंद हाउस स्थित प्रबंधन कार्यालय में आयोजित समारोह में दोनों संस्थाओं के सभापति दिनेश बजाज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जैसे ही तिरंगा आकाश में लहराया, उपस्थित सदस्यों के हृदय राष्ट्रप्रेम की भावना से भर उठे और पूरा वातावरण देशभक्ति के जयघोष से गुंजायमान हो गया। इस समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने समवेत स्वर में राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान का गायन किया।
इस अवसर पर दिनेश बजाज ने कहा कि, “स्वतंत्रता हमें विरासत में मिली कोई साधारण उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का अमूल्य प्रसाद है। हमें अपनी स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर अपना योगदान देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि “जिस राष्ट्र के नागरिक अपने कर्तव्यों को अधिकारों के समान महत्व देते हैं, वही राष्ट्र सच्चे अर्थों में स्वतंत्र और सशक्त बनता है।”
ट्रस्ट तथा अंतर्राष्ट्रीय मारवाड़ी सम्मेलन के महासचिव प्रदीप ढेडिया ने कहा कि “आजादी का पर्व हमें केवल अतीत के गौरव का स्मरण नहीं कराता, बल्कि भविष्य के भारत के निर्माण का संकल्प भी देता है। हमारा दायित्व है कि हम सेवा, सद्भाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।”
समारोह में उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने तथा समाज एवं देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
