
रानीगंज। मानव सेवा और परोपकार की परंपरा की अपनी गौरवमयी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी (एमआरएस) अस्पताल, रानीगंज की ओर से जरूरतमंद विधवा माताओं के लिए सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 350 जरूरतमंद माताओं के बीच मासिक राशन सामग्री का वितरण किया गया। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को नियमित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर उनके जीवन में कुछ राहत पहुंचाना रहा। कार्यक्रम में विवेकानंद आश्रम, रानीगंज के स्वामी जी महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इसके अलावा प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी विश्वनाथ खारखरिया, वरिष्ठ समाजसेविका मंजू सोंथालिया, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष एवं उनकी कार्यकारिणी के सदस्य सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ समाजसेविका मंजू सोंथालिया तथा अरुण भरतिया को मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी(एमआरएस) अस्पताल प्रबंधन की ओर से ‘मानपत्र’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने समाज के जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए इस प्रकार के सेवा कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नियमित रूप से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश सोनी, रवि केशरी, प्रदीप सिंह राठौर, डॉ. एस. मांझी, स्वामी सुब्रतो नंद जी महाराज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने अस्पताल प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी रिलीफ सोसायटी (एमआरएस) अस्पताल प्रबंध समिति के आर.पी. खेतान, श्रवण तोदी, विकास खेतान सहित समिति के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद माताओं के बीच राशन वितरण के साथ समाजसेवा से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। आयोजन ने सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
