बारुईपुर हत्याकांड:पीड़ित परिवार से मिलीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल और लॉकेट चटर्जी,न्याय दिलाने का दिलाया भरोसा

बारुईपुर। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक नाबालिक लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या और शव को जलाशय में फेंके जाने की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक, आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार सुबह भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता परिवार के घर पहुंचा। जिसमे में राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल तथा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी शामिल थीं। उन्होंने मृतका के माता-पिता एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में भाजपा उनके साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। परिजनों से मुलाकात के बाद अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की क्षति की भरपाई कभी नहीं की जा सकती, लेकिन दोषियों को कानून के तहत कठोरतम दंड दिलाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने मामले की निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी जांच की भी मांग की। पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, घटना के बाद आक्रोशित भीड़ द्वारा एक आरोपित की कथित पिटाई किए जाने से उसकी मौत होने की सूचना है। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद बारुईपुर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दोषियों को शीघ्र और कठोर दंड मिलना चाहिए, ताकि समाज में कानून का भय कायम रहे और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *