
कोलकाता, 1 जुलाई 2026 — पूर्व रेलवे ने 4 जुलाई से अपने स्वच्छता मिशन का तीसरा और सबसे सशक्त चरण “ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू” शुरू करने की घोषणा की है। महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर के नेतृत्व में चलने वाले इस अभियान का लक्ष्य स्टेशन परिसरों में कूड़ा फैलाने और थूकने के प्रति शून्य-सहनशीलता (Zero Tolerance) लागू कर सार्वजनिक स्वच्छता में निर्णायक बदलाव लाना है।
पूर्व रेलवे ने स्टेशन परिसरों में उच्च-गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया है और निगरानी के लिए समर्पित कर्मियों की तैनाती कर दी है। रेलवे ने बताया कि अब प्रत्येक प्रमुख क्षेत्र निरंतर निगरानी के दायरे में होगा और कैमरे में कचरा फैलाते या थूकते पकड़े जाने पर दोषी की पहचान कर उस पर तुरंत जुर्माना लगाया जाएगा।
यात्रियों को भी जिम्मेदार साझीदार बनाया गया है: जो कोई भी किसी व्यक्ति को कूड़ा फैलाते या थूकते हुए देखेगा, वह उसकी तस्वीर मोबाइल नंबर पर भेजकर सूचना दे सकता है। फोटो प्राप्त होने पर रेलवे संबंधित व्यक्ति की पहचान कर जुर्माने की कार्रवाई करेगा। साथ ही फोटो भेजने वाले जागरूक यात्री को “कैप्टन क्लीन” संबोधित कर प्रशंसा-पत्र प्रदान किया जाएगा, ताकि जनता की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहन मिले।
इस पहल का शुभारम्भ 4 जुलाई, 2026 को हावड़ा स्टेशन पर होगा, जहाँ महाप्रबंधक श्री मिलिंद देऊस्कर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिबराम माझि ने कहा, “स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘ईस्टर्न रेलवे इज़ वॉचिंग यू’ अभियान के माध्यम से हम निगरानी व्यवस्था और जनभागीदारी के बीच की दूरी को समाप्त कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि हमारे यात्री हमारे साथ मिलकर रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुंदर और गरिमामय बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देंगे।”
पूर्व रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में पूर्ण सहयोग दें, क्योंकि स्वच्छ रेलवे स्टेशन की शुरुआत यात्रियों की जिम्मेदारी और सहभागिता से होती है।
