पश्चिम बंगाल पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले, 15 अधिकारियों के पद बदले

कोलकाता, 01 जुलाई । पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर तबादले किए हैं। नवान्न की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 15 आईपीएस तथा वेस्ट बंगाल पुलिस सेवा (डब्ल्यूबीपीएस) अधिकारियों के पदों में बदलाव किया गया है। इनमें कुछ अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है, कुछ का नियमित तबादला किया गया है, जबकि कुछ के पूर्व आदेशों को निरस्त कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेश के मुताबिक, आईपीएस अधिकारी अंजन चक्रवर्ती के जून महीने में जारी तबादला आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए उन्हें फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) का आईजीपी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) में डीआईजी के पद पर कार्यरत थे।

आईपीएस अधिकारी सुमनजीत राय को इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में आईजीपी (बॉर्डर) की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईपीएस राशिद मुनीर खान को पदोन्नति के साथ हेडक्वार्टर का आईजीपी बनाया गया है।

कोलकाता एसटीएफ में डीसी पद पर कार्यरत आईपीएस प्रदीप कुमार यादव को कोलकाता पुलिस की चौथी बटालियन का डीसी नियुक्त किया गया है।

दूसरी ओर अम्लान कुसुम घोष को एसटीएफ का डीसी बनाया गया है। वह इससे पहले हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट में नॉर्थ डीसी के पद पर थे।

कृष्णनगर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संभव जैन को कोलकाता ट्रैफिक विभाग का डीसी नियुक्त किया गया है। हावड़ा डीसी सेंट्रल के रूप में उनका पूर्व तबादला आदेश रद्द कर दिया गया है।

रानाघाट की एसडीपीओ सबिता गोटियाल को सीआईडी में एडिशनल एसएस पद पर भेजा गया है। डब्ल्यूबीपीएस अधिकारी शौभनिक मुखर्जी को हावड़ा ग्रामीण का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा डब्ल्यूबीपीएस अधिकारी संदीप सेन को झाड़ग्राम जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) बनाया गया है। वह इससे पहले खड़गपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

एक अन्य डब्ल्यूबीपीएस अधिकारी श्यामलकुमार मंडल को सुंदरबन पुलिस जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (जोनल) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *