
जामुड़िया । पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को तपसी गांव में विशेष स्वच्छता एवं पौधारोपण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक सतीश झा के दिशानिर्देशों के अनुरूप कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में 16 जून से 30 जून 2026 तक स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्रीय महाप्रबंधक अमित कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि कर्मचारियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी स्वच्छ वातावरण के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकें। इसी क्रम में शुक्रवार को तपसी गांव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों के बीच पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया गया। साथ ही उन्हें स्वच्छता बनाए रखने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन कायम रखने के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी भी दी गई। लोगों को एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के तहत स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण से संबंधित जानकारी वाले पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने ईसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में प्लास्टिक का न्यूनतम उपयोग करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। ईसीएल प्रबंधन ने भी विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकेगा।
