जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का जलवा, अभिनव-सांभवी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

पश्चिम बर्दवान, 25 जून । आसनसोल के अभिनव साव ने जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। भारत की जोड़ी अभिनव साव और सांभवी ने जर्मनी के सुहल में आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के साथ नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी कायम किया।

16 से 28 जून तक आयोजित इस जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय जोड़ी के इस प्रदर्शन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की पहचान को और मजबूत किया।
मिक्स्ड टीम इवेंट के क्वालिफिकेशन राउंड में भारतीय जोड़ी ने 634.6 अंक हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में अभिनव और सांभवी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जर्मनी और नॉर्वे की टीमों को पीछे छोड़ दिया। दोनों ने 499.9 के पुराने विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 505.8 अंक बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।

मुकाबले के बाद अभिनव ने कहा कि वह पूरे समय अपने लक्ष्य पर केंद्रित थे। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्पर्धा के दौरान शूटिंग किट में तकनीकी समस्या के कारण वह और सांभवी पदक की दौड़ से बाहर हो गए थे। उन्होंने कहा कि उस निराशा को पीछे छोड़ते हुए मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीतने का संकल्प लिया गया था।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. ढल्ल ने अभिनव को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने शानदार वापसी कर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है।

वहीं, अभिनव के स्कूल के प्रिंसिपल रवि विक्टर ने भी खुशी जताते हुए कहा कि अभिनव ने अपनी उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ा है और पूरा विद्यालय उन पर गर्व महसूस कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *