दुर्गापुर के रायडांगा मे कथित पाकिस्तानी झंडा मिलने से इलाके तनाव, पुलिस ने व्यक्ति को पूछताछ के लिए लिया हिरासत में

दुर्गापुर। दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र के रायडांगा इलाके में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एक स्थानीय निवासी के घर के बाहर कथित रूप से पाकिस्तान का झंडा मिलने की सूचना फैल गई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया तथा संबंधित व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर नगर निगम के 43 नंबर वार्ड अंतर्गत रायडांगा निवासी आशराफुद्दीन अहमद के घर के सामने मंगलवार सुबह एक झंडा देखे जाने के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा फैल गई कि वह पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज है। इसके बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटने लगी और कुछ लोगों ने घर के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए मामले की जांच तथा कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं कथित तौर पर देशविरोधी सामग्री साझा करता रहा है। लोगों का दावा है कि पूर्व में भी उसकी कुछ गतिविधियों को लेकर इलाके में असंतोष व्याप्त था। मंगलवार की घटना के बाद यह नाराजगी खुलकर सामने आ गई और लोगों ने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हालांकि, आशराफुद्दीन अहमद ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए स्वयं को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि उनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है और उन पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोकओवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाकर शांत कराया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को सुरक्षा की दृष्टि से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कथित रूप से बरामद झंडे को कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह झंडा वहां कैसे पहुंचा, इसके पीछे किसी की साजिश है अथवा मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा हुआ है। सोशल मीडिया से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *