सियालदह मंडल ने 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया; कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर


कोलकाता, 21 जून 2026 — स्वास्थ्य, संतुलन और मानसिक शांति के संदेश के साथ सियालदह मंडल ने आज 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) उत्साहपूर्ण तरीके से मनाया। मंडल के कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों ने बड़े पैमाने पर भाग लेकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
मंधल के कार्मिक विभाग द्वारा आयोजित आयोजन का मुख्य मंच मंडल मुख्यालय स्थित ‘मंथन’ और ‘पी. एल. रॉय’ सभागार रहे, जबकि पूरे मंडल में 48 विभिन्न स्थलों पर समांतर योग सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में कुल मिलाकर लगभग 10,000 कर्मचारी एवं उनके परिजन शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम की व्यापकता और सहभागिता दोनों देखने को मिली।
कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ श्री बरुण पात्र और ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उनके निर्देशों ने शुरुआती तथा नियमित अभ्यासकर्ताओं दोनों को लाभान्वित किया और दैनिक जीवन में योग के अनुपालन को प्रोत्साहित किया।
सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री राजीव सक्सेना ने उपस्थितों को संबोधित करते हुए कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। तेज रफ्तार जीवनशैली में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त करने का महत्वपूर्ण साधन है। मैं आग्रह करता हूँ कि रेलवे परिवार के प्रत्येक सदस्य योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करे, ताकि वे स्वस्थ, प्रसन्न और संतुलित जीवन व्यतीत कर सकें।”
आयोजन सियालदह मंडल की अपने कर्मचारियों के लिए स्वस्थ एवं सकारात्मक कार्य वातावरण बनाने तथा रेलवे परिवार में सामुदायिक भावना को और मजबूत करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *