अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले कोलकाता में ‘रन फॉर योग’ का आयोजन, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने दिखाई हरी झंडी

कोलकाता, 20 जून । आगामी 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के आयोजन से पहले कोलकाता में शुक्रवार सबह ‘रन फार योग 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने संयुक्त रूप से इस दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

करीब दो किलोमीटर लंबी यह दौड़ कोलकाता नगर निगम मुख्यालय से शुरू होकर राइटर्स बिल्डिंग तक आयोजित की गई। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने सैकड़ों नागरिकों के साथ इसमें भाग लिया। फिटनेस, स्वास्थ्य और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 11 योग दौड़ों का आयोजन किया गया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम की मेजबानी पश्चिम बंगाल कर रहा है। 21 जून को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” रखी गई है।
कार्यक्रम में राज्य के खेल मंत्री इंद्रनील खान, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल, उद्योग मंत्री तापस राय, प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस, राज्य सरकार और कोलकाता नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने सामाजिक माध्यम पर कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ मिलकर उन्होंने कोलकाता नगर निगम से राइटर्स बिल्डिंग तक आयोजित मैराथन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम ‘स्वच्छता से स्वागत कार्यक्रम’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
दौड़ के बाद केंद्रीय मंत्री ने लिएंडर पेस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ योग सत्र में भी भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि योग आज एक वैश्विक आंदोलन बन चुका है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “सिटी ऑफ जॉय” कोलकाता फिटनेस और स्वास्थ्य के लिए दौड़ रहा है। ‘रन फार योग’ जैसी पहल स्वास्थ्य, स्वच्छता, नागरिक उत्तरदायित्व और समग्र कल्याण के मूल्यों को एक साथ जोड़ती है। उन्होंने नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की ऊर्जा और सहयोग प्रेरणादायक है।

योग दिवस से पहले जनजागरण अभियान को व्यापक स्वरूप देने के लिए कोलकाता के 10 अन्य स्थानों पर भी एक साथ योग दौड़ों का आयोजन किया गया। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से योग शिविर, जागरूकता अभियान और स्वच्छता कार्यक्रमों सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि 21 जून के मुख्य आयोजन को सफल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *