
विशाल जुलूस और मछली-भात भोज के साथ समर्थकों ने जताया उत्साह, विधायक ने जनता के विश्वास पर खरा उतरने का दिया भरोसा
जामुड़िया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के केंदा इलाके स्थित ईस्ट केंदा कॉलोनी में नवनिर्वाचित भाजपा विधायक के सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में एक विशाल जुलूस भी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। स्वागत समारोह ईस्ट केंदा कॉलोनी में आयोजित किया गया, जहां विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी का पुष्पमालाओं एवं नारों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो ईस्ट केंदा के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए केंदा गांव पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान भाजपा समर्थकों ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की तथा विधायक के प्रति अपना समर्थन और विश्वास व्यक्त किया।
पूरे मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी जुलूस का स्वागत किया। जगह-जगह लोगों ने विधायक का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन के बाद कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के लिए मछली-भात के विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। सम्मान से अभिभूत विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने क्षेत्र की मातृशक्ति एवं सभी स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का यह अपार स्नेह और समर्थन उनके लिए प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में मिली जीत की खुशी अभी कुछ दिनों तक जारी रहेगी, लेकिन इसके साथ-साथ सभी को अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और जनता की सेवा ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।राज्य की वर्तमान आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासनकाल में पश्चिम बंगाल पर अत्यधिक कर्ज का बोझ बढ़ गया है। राज्य को इस आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए सभी को ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास और सुशासन की दिशा में कार्य करेगी। इस कार्यक्रम में विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी के अलावा शांतनु बनर्जी, मृणाल कांति घोष, बृजमोहन पश्यन, राहुल बाउरी, रंजीत नूनिया, देबाशीष दुबे, मनोज मुखर्जी, दीपक कुंडू, बिधान बाउरी, मनोजित गोस्वामी, बबन गोप, विक्की सिंह, दिलीप पासवान, रूपेश यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना रहा और भाजपा कार्यकर्ताओं में संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
