पूर्व मंत्री सुजीत बसु ने ईडी की गिरफ्तारी को कलकत्ता हाई कोर्ट में दी चुनौती

कोलकाता, 28 मई । पश्चिम बंगाल के पूर्व अग्निशमन मंत्री और तृणमूल कांग्रेस नेता सुजीत बसु ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई अपनी गिरफ्तारी को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। नगर निगम नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किए गए सुजीत बसु फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

सूत्रों के अनुसार, सुजीत बसु के वकील की ओर से दायर याचिका पर जल्द ही कलकत्ता उच्च न्यायालय में सुनवाई हो सकती है। संभावना जताई जा रही है कि यह मामला न्यायमूर्ति शम्पा दत्त पाल की अदालत में शुक्रवार को विशेष आधार पर उठाया जाएगा।

ईडी लंबे समय से नगर निगम नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में सुजीत बसु से पूछताछ कर रही थी। जांच एजेंसी का आरोप है कि दमदम नगरपालिका में नौकरी दिलाने के नाम पर अवैध तरीके से उम्मीदवारों के नाम सुझाए गए और इसके बदले भारी रकम ली गई।

जांच के दौरान ईडी ने उन्हें कई बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजे थे। हालांकि, विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार में व्यस्त होने का हवाला देते हुए उन्होंने अदालत का रुख किया था। बाद में चुनाव समाप्त होने के बाद वह ईडी के सामने पेश हुए, जहां उनसे कई चरणों में लंबी पूछताछ की गई।

ईडी ने उनके आवास और कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया था। इसके बाद 11 मई को पूछताछ के बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी अब उनके बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

अब गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए दायर याचिका के बाद इस मामले में कानूनी और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *