आलिया भट्ट ने शुरू की ‘अल्फा’ की खास तैयारी

यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित महिला सुपरहीरो फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। फिल्म का लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के बीच अब आलिया भट्ट के किरदार को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। अब तक माना जा रहा था कि अभिनेत्री फिल्म में एक जासूस की भूमिका निभाएंगी, लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया का किरदार इससे कहीं ज्यादा खतरनाक और रहस्यमयी होने वाला है।
रिपोर्ट के अनुसार, ‘अल्फा’ में आलिया भट्ट एक प्रशिक्षित हत्यारे के किरदार में नजर आएंगी। कहानी ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिसे बचपन से ही एक किलर बनने के लिए तैयार किया गया है। फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि निर्माता आदित्य चोपड़ा पहली बार दर्शकों के सामने ऐसा महिला किरदार ला रहे हैं, जो पूरी तरह ग्रे शेड में दिखाई देगा। यह किरदार ना पूरी तरह हीरो होगा और ना ही विलेन, बल्कि एक एंटी-हीरो की तरह दर्शकों को चौंकाएगा।
फिल्म को लेकर हुए इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है। कई यूजर्स आलिया भट्ट की तुलना मार्वल यूनिवर्स की मशहूर किरदार ‘ब्लैक विडो’ से कर रहे हैं, जिसे अभिनेत्री स्कारलेट जोहानसन ने निभाया था। हालांकि, ‘अल्फा’ को लेकर यह तुलना पहले भी होती रही है। फिल्म में आलिया के साथ शरवरी और बॉबी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *