
पंडित विजयशंकर मेहता के श्रीमुख से आद्य शक्ति की महिमा का विराट आयोजन ।
कोलकाता । अर्बनेश्वर देवालय ट्रस्ट, कोलकाता द्वारा 28 मई से 4 जून 2026 तक “श्रीमद् देवी भागवत महापुराण एवं ज्ञान यज्ञ” का भव्य आयोजन किया जा रहा है । महापुराण कथा के व्यासपीठ पर विराजमान होंगे भारत के सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक चिंतक पंडित विजयशंकर जी मेहता । धर्म और अध्यात्म को समकालीन जीवन से जोड़ने की उनकी अनूठी शैली ने उन्हें देश-विदेश में विशिष्ट पहचान दिलाई है । पण्डित विजयशंकर मेहता आद्यशक्ति की महिमा पर श्रद्धालु भक्तों का मार्गदर्शन करेंगे । श्रीमद् देवी भागवत महापुराण शक्ति-उपासना की उस दिव्य परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है । अर्बनेश्वर देवालय ट्रस्ट के ट्रस्टी तथा सिग्नस ग्रुप आफ कंपनीज के चेयरमैन के. के. सिंघानिया ने यह जानकारी देते हुए कहा भारतीय सनातन संस्कृति में वेद, उपनिषद और पुराण मानव जीवन को धर्म, ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग प्रदान करते हैं । उन्होंने कहा अर्बना परिसर (टावर-4, पूजा पंडाल क्षेत्र) में आयोजित होने वाला यह 9 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, ज्ञान और साधना का अनुपम संगम बनेगा । दैनिक कथा, प्रवचन एवं आध्यात्मिक विमर्श का आयोजन होगा । कार्यक्रम का शुभारंभ 28 मई 2026 को मंगल कलश यात्रा से होगा, 4 जून 2026 को विशेष ज्ञान यज्ञ, पूर्णाहुति, ध्यान-सत्र एवं हनुमान चालीसा आधारित मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन एवं पूर्णाहुति, महायज्ञ के साथ इस दिव्य अनुष्ठान का समापन किया जाएगा । श्रीमद् देवी भागवत महापुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को संस्कारित करने वाला दिव्य ज्ञान-स्रोत है। कथा की अवधि में देवी महात्म्य, नवदुर्गा, शक्ति-तत्व, भक्ति, साधना, जीवन-प्रबंधन तथा मानव कल्याण से जुड़े विविध प्रसंगों का विवेचन किया जायेगा ।
