आसनसोल के बर्नपुर में ISP प्रबंधन का अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, तृणमूल के दो पार्टी कार्यालय समेत कई अवैध निर्माण ध्वस्त

आसनसोल।आसनसोल के बर्नपुर स्थित सेल-आईएसपी (इस्को स्टील प्लांट) प्रबंधन ने कंपनी की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को बर्नपुर के वार्ड संख्या 98 अंतर्गत रांगापाड़ा इलाके में आईएसपी प्रबंधन द्वारा बुलडोजर कार्रवाई चलाते हुए कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई में तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालय भी जमींदोज कर दिए गए, जिससे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।जानकारी के अनुसार, आईएसपी प्रबंधन की ओर से कुछ दिनों से कंपनी की जमीन पर अवैध कब्जों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर और सुरक्षा कर्मियों की टीम रांगापाड़ा इलाके में पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

तीन दिन पहले दिया गया था नोटिस

इस कार्रवाई के दौरान स्थानीय पार्षद कहकशा रियाज से जुड़े पार्टी कार्यालयों को भी तोड़ दिया गया। इस संबंध में पार्षद कहकशा रियाज ने बताया कि आईएसपी प्रबंधन की ओर से तीन दिन पहले ही कार्यालय खाली करने का नोटिस दिया गया था। नोटिस मिलने के बाद उन्होंने पहले ही कार्यालय खाली कर दिया था, जिसके कारण कार्रवाई के समय वहां कोई सामान मौजूद नहीं था।स्थानीय लोगों का कहना है कि राज्य में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव और प्रशासनिक सहयोग मिलने के बाद आईएसपी प्रबंधन ने कंपनी की जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। इसके तहत विभिन्न इलाकों में बने अवैध पार्टी कार्यालयों तथा अन्य निर्माणों को हटाया जा रहा है।

पार्किंग शेड तोड़े जाने पर विवाद

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान आईएसपी कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए बनाए गए एक शेड को भी तोड़ दिया गया। इस पर पूर्व माकपा पार्षद ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।सुबोध सिंह ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से कहा कि उक्त पार्किंग शेड आईएसपी के उच्च अधिकारियों की अनुमति से बनाया गया था तथा वहां अभी भी कंपनी कर्मचारियों के कई वाहन खड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्किंग शेड को तोड़ने से पहले किसी प्रकार का नोटिस नहीं दिया गया था। पूर्व पार्षद ने संबंधित दस्तावेज और अनुमति से जुड़े कागजात भी सुरक्षा कर्मियों को दिखाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मी कार्रवाई जारी रखने पर अड़े रहे। इस दौरान कुछ देर तक बहस की स्थिति भी बनी रही। हालांकि विवाद के बीच बुलडोजर अभियान अन्य अवैध निर्माणों पर लगातार चलता रहा।

चरणबद्ध तरीके से हटाए जाएंगे सभी अवैध कब्जे

आईएसपी प्रबंधन का कहना है कि कंपनी की जमीन पर हुए सभी अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा। प्रबंधन के अनुसार, जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, उन्हें निर्धारित समय के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया जा रहा है। इसके बाद भी कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासनिक सहायता से बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद बर्नपुर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोग अब यह देखने का इंतजार कर रहे हैं कि आने वाले दिनों में आईएसपी प्रबंधन का यह अभियान किन-किन इलाकों तक पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *