दुर्गापुर मे रारबंग के 5 जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों संग गुरुवार को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अहम बैठक

दुर्गापुर के सृजनी ऑडिटोरियम में होगा शक्ति प्रदर्शन, प्रशासन को मिलेंगे सख्त निर्देश

दुर्गापुर। रारबंग क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा विकास कार्यों की गति तेज करने के उद्देश्य से गुरुवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित सृजनी ऑडिटोरियम में एक बेहद महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक आयोजित होने जा रही है। इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी स्वयं मौजूद रहकर पांच जिलों के जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस बैठक के माध्यम से सरकार की प्राथमिकताओं, योजनाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट संदेश देंगे। साथ ही अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और जनसंपर्क को लेकर सख्त एवं स्पष्ट निर्देश भी दिए जाएंगे।

रारबंग के पांच जिलों के अधिकारी होंगे शामिल

सूत्रों के अनुसार इस बैठक में पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। जिलाधीश (DM) से लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) तक तथा पुलिस कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक (SP), थाना प्रभारी (OC) और इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (IC) स्तर तक के अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा पांचों जिलों के विधायक तथा कुछ सांसदों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासनिक हलकों में इसे सरकार की ओर से बड़े स्तर पर समन्वय और नियंत्रण स्थापित करने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

सरकार की प्राथमिकताओं पर रहेगा जोर

बैठक में विकास परियोजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक जवाबदेही, कानून-व्यवस्था, ग्रामीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम लोगों तक सरकारी सुविधाएं पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश दे सकते हैं कि जनता से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं विकास कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, तैयारियां अंतिम चरण में

हाई प्रोफाइल बैठक को देखते हुए सृजनी ऑडिटोरियम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है तथा आने-जाने वाले मार्गों की भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पश्चिम बर्दवान के जिलाशासक ने स्वयं बैठक स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बैठक को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

रारबंग की राजनीति और प्रशासन पर रहेगी नजर

विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक केवल प्रशासनिक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रारबंग क्षेत्र में सरकार की पकड़ मजबूत करने और प्रशासनिक कसावट बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। आने वाले समय में विकास कार्यों की रफ्तार और प्रशासनिक गतिविधियों पर इस बैठक का सीधा असर देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *