
जमुड़िया। जमुड़िया थाना अंतर्गत ईसीएल की नींघा कोलियरी में कथित अवैध कोयला डीओ सिंडिकेट और मजदूरों के शोषण के विरोध में सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कोयला लिफ्टिंग का कार्य घंटों बाधित रहा, जिससे क्षेत्र में काफी हलचल देखी गई.जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व ही कोयला डीओ सिंडिकेट और रंगदारी वसूली मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विजय सिंह समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से प्रशासन द्वारा अवैध कारोबार तथा कोयला एवं बालू सिंडिकेट के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद कई कोयला व्यापारियों ने कथित सिंडिकेट राज और रंगदारी वसूली के खिलाफ खुलकर आवाज उठानी शुरू कर दी है। व्यापारियों का आरोप है कि कोलियरियों से कोयला उठाव के दौरान उनसे जबरन वसूली की जाती थी। विरोध करने पर मारपीट, धमकी और चालान छीनने जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता ने कहा कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अधिकांश अवैध कारोबार बंद हो चुके हैं, लेकिन कुछ स्थानों पर अब भी कथित सिंडिकेट राज जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नींघा कोलियरी क्षेत्र में नन्हे खान और नईम खान द्वारा सिंडिकेट चलाया जा रहा है, जिसका भाजपा लगातार विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर अवैध रूप से कोयला डीओ सिंडिकेट नहीं चलने देगी तथा मजदूरों के शोषण के खिलाफ पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में जामुड़िया भाजपा मंडल 3 अध्यक्ष दीप बनर्जी, अमित नोनिया, पिंटू बर्मन, गोलू पोद्दार, धर्मेंद्र नोनिया, असीम पासवान समेत कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
