आसनसोल हिंसा पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सरकारी नुकसान की होगी पूरी वसूली

आसनसोल। पश्चिम बंगाल सरकार ने आसनसोल के रेलपार स्थित जहांगीरी मोहल्ला पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के कड़े निर्देश के बाद पुलिस-प्रशासन ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सोमवार को कोलकाता के भवानीपुर स्थित कैमिक स्ट्रीट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा था कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि उपद्रवियों से हर हाल में नुकसान की भरपाई कराई जाएगी और सरकारी क्षति का पूरा हिसाब उनसे वसूला जाएगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत रेलपार के जहांगीरी मोहल्ला इलाके में पुलिस द्वारा माइकिंग अभियान चलाया गया। इलाके में जगह-जगह पोस्टर लगाकर लोगों को सूचित किया गया कि 15 मई की रात पुलिस चौकी में हुई तोड़फोड़ से सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान के सामूहिक क्षतिपूर्ति निर्धारण की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई वेस्ट बंगाल मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर एक्ट के तहत की जा रही है।
पोस्टरों के माध्यम से स्थानीय लोगों से घटना से जुड़ी जानकारी साझा करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी को प्रस्तावित क्षतिपूर्ति प्रक्रिया को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव देना हो तो वह निर्धारित समय के भीतर संबंधित अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रख सकता है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में अब तक 31 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि गृह विभाग के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एक सहायक पुलिस आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। मूल्यांकन पूरा होने के बाद दोषियों से क्षतिपूर्ति वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मंगलवार को पुलिस आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की और स्वयं आसनसोल उत्तर थाना पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था एवं जांच की प्रगति का जायजा लिया। प्रशासन की सख्ती के बाद पूरे रेलपार इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *