तारकेश्वर में तृणमूल को बड़ा झटका: कार्यकर्ताओं ने स्वेच्छा से पार्टी कार्यालय भाजपा को सौंपा


हुगली, 13 मई । हुगली जिले के तारकेश्वर में तृणमूल कांग्रेस में टूट और असंतोष एक बार फिर सामने आया है। इलाके में वर्षों से एकाधिकार वाली इस पार्टी के बूथ स्तर के नेताओं ने सार्वजनिक रूप से अपना पार्टी कार्यालय भाजपा को सौंप दिया।
2026 विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्यभर में राजनीतिक बदलाव का असर तारकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के संतोषपुर ग्राम पंचायत के नारायणपुर इलाके में भी दिखने लगा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 182 नंबर बूथ की तृणमूल सदस्य रमेन खां और 180 नंबर बूथ की सदस्य टुम्पा घड़ाई ने बुधवार को स्वेच्छा से पार्टी कार्यालय की चाबी भाजपा नेताओं को सौंप दी। दोनों ने स्पष्ट कहा कि अब वे जनता के हित में भाजपा के साथ काम करेंगी।
इस घटना से इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि हालिया चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 207 सीटें जीतकर सरकार बनाई। तारकेश्वर से भाजपा उम्मीदवार संतु पान ने करीब 30 हजार वोटों से जीत हासिल की थी।
मीडिया से बातचीत में रमेन खां ने कहा, “जनता ने बदलाव चुना है। भाजपा सरकार सत्ता में है, इसलिए इलाके को तेजी से सरकारी सुविधाएं मिलें, इसी उद्देश्य से हमने कार्यालय सौंपा है।”
टुम्पा घड़ाई ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए कहा, “जो बड़ी-बड़ी बातें करते थे, वे जनता के साथ नहीं खड़े हुए। अब लोग विकास और बेहतर सेवाएं चाहते हैं, इसलिए हम भाजपा के साथ हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *