
तेज रफ्तार वैगनआर ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा; चालक की पिटाई, एनएच-14 पर लगा लंबा जाम
रानीगंज। रानीगंज के सियारसोल राजबाड़ी मोड़ पर मंगलवार की देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद घायल व्यक्ति कार के नीचे फंस गया और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस भयावह घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ के चंगुल से बचाकर हिरासत में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग साढ़े छह बजे एक सफेद रंग की वैगनआर कार रानीगंज बाजार की ओर से पंजाबी मोड़ की दिशा में तेज गति से जा रही थी। उसी दौरान सियारसोल राजबाड़ी मोड़ के समीप लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति साइकिल से सड़क पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल सवार कार के नीचे जा फंसा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से भागने की कोशिश की। इस दौरान घायल व्यक्ति कार के नीचे फंसा रहा और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। यह भयावह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े और शोर मचाते हुए वाहन को रुकवाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने कार को रुकवाया। वाहन रुकते ही गुस्साए लोगों ने चालक को बाहर निकाल लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों तथा पुलिसकर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को कार के नीचे से बाहर निकाला गया। घायल अवस्था में उसे तत्काल रानीगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी स्थिति अत्यंत गंभीर बताई है। वही घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने भीड़ को शांत कराया, चालक को सुरक्षित बाहर निकाला तथा क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर यातायात सामान्य कराया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ सहित आसपास के कई इलाकों में फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। फुटपाथों पर दुकानें और अवैध कब्जा होने के कारण पैदल यात्रियों को मजबूरन सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही, अनियंत्रित ट्रैफिक और तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
