तृणमूल विधायक मदन मित्रा अस्पताल में भर्ती

कोलकाता, 12 मई । तृणमूल विधायक मदन मित्रा को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण कोलकाता के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें मूत्र तंत्र से जुड़ी परेशानी के बाद सोमवार को भर्ती कराया गया।

उत्तर 24 परगना जिले की कमरहाटी विधानसभा सीट से निर्वाचित विधायक मदन मित्रा का इलाज बेल व्यू क्लिनिक में चल रहा है। अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी स्थिति स्थिर है और उपचार पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

उपचार कर रहे डॉक्टरों ने कहा कि यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार होता रहा तो उन्हें एक या दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

मदन मित्रा के एक करीबी सहयोगी ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान और उसके बाद वह लगातार शारीरिक तथा मानसिक दबाव में थे। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें पूर्ण विश्राम की सलाह दी है।

हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में मदन मित्रा ने कमरहाटी सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अरूप चौधरी को पांच हजार 646 मतों के अंतर से पराजित किया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *