नगर निगम भर्ती घोटाले में पूर्व मंत्री सुजीत बोस गिरफ्तार, 10 घंटे चली ईडी की पूछताछ

कोलकाता, 11 मई । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में सोमवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व दमकल मंत्री और बिधाननगर के पूर्व विधायक सुजीत बोस को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 11 बजे सुजीत बोस पूछताछ के लिए सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी कार्यालय पहुंचे थे। इसके बाद एजेंसी ने उनसे लगभग 10 घंटे तक लगातार पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद सोमवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई नगरपालिका भर्ती घोटाले की जांच के तहत की गई है। इससे पहले भी एक मई को सुजीत बोस ईडी के सामने पेश हुए थे। चुनाव के दौरान वह कई बार एजेंसी के समन से अनुपस्थित रहे थे, जिसके बाद कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर उन्होंने एजेंसी के समक्ष हाजिरी दी थी।

जांच की शुरुआत एसएससी भर्ती घोटाले के दौरान हुई थी, जब अयन शील नामक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद उसके कार्यालय से कई ओएमआर शीट बरामद हुई थीं। उसी जांच के दौरान कई नगर पालिकाओं में भर्ती में अनियमितताओं और बड़े पैमाने पर धन लेन-देन की जानकारी सामने आई थी। जांच में तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं और मंत्रियों के नाम भी सामने आए थे। इसी मामले में ईडी ने पहले भी सुजीत बोस के घर और कार्यालय में तलाशी ली थी। एजेंसी ने इस मामले में उनके बेटे से भी पूछताछ की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *