
कोलकाता, 11 मई । विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के अंदर उठ रही आवाजों पर बंगाल के नवगठित सरकार में मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने तंज किया है। सोमवार को दिलीप घोष ने कहा कि इस बार तृणमूल कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी बदल जाएगी। जिस तरह के बयान उनके युवा नेताओं और प्रवक्ताओं द्वारा दिए जा रहे हैं उससे ऐसा ही प्रतीत होता है। वे तृणमूल के खिलाफ बोल रहे हैं। यह उनकी समस्या है, हमारी नहीं।
पश्चिम एशिया में संघर्ष के माहौल में देशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई कुछ अपीलों का उल्लेख करते हुए दिलीप ने कहा, “दुनिया में कहीं न कहीं लगभग तीन साल से युद्ध चल रहा है। गैस की कीमत बढ़ गई है, क्योंकि यह आयातित है। हम 40 देशों से डीजल का आयात करते हैं और इसकी कीमत कभी नहीं बढ़ी है। लेकिन इसका दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में विजय के शपथ ग्रहण पर उन्होंने कहा, “यह अच्छा है कि राहुल गांधी वहां ज्यादा नहीं गए, अन्यथा वह (विजय) हार जाते। जनता ने उसे जीता है, हम उसका स्वागत करते हैं।”
