
सातों विधानसभा सीटों में जीत पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, नारेबाजी से गूंजा स्वागत समारोह
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिला प्रवासी एवं राजस्थान से विधायक जितेंद्र गोठवाल के कोलकाता पहुंचने पर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। आसनसोल जिले की सातों विधानसभा सीटों पर पार्टी की शानदार जीत के बाद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर, दुपट्टा पहनाकर और जोरदार नारेबाजी के साथ उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
स्वागत समारोह के दौरान पूरा माहौल उत्साह, जोश और विजय के नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि “बंगाल की यह जीत हिन्दुत्व, राष्ट्रवाद और जनविश्वास की जीत है। यह पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की मेहनत और संघर्ष का परिणाम है।” उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति को समर्थन दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं का समर्पण और जनता का अपार समर्थन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। गोठवाल ने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सेवा और संगठन को और अधिक मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में संगठन विस्तार और चुनावी सफलता में जितेंद्र गोठवाल की सक्रिय भूमिका की सराहना की। स्वागत समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया और पूरे वातावरण में विजय का उल्लास साफ नजर आया।
