रानीगंज में प्राचीन हनुमान मंदिर के पुनरुद्धार की पहल

भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने चलाया सफाई अभियान, जल्द भव्य मंदिर निर्माण की तैयारी

रानीगंज। रानीगंज के 92 नंबर वार्ड अंतर्गत तार बंगला इलाके में स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर के पुनरुद्धार को लेकर रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मिलकर मंदिर परिसर की साफ-सफाई की तथा मंदिर के जीर्णोद्धार और भविष्य में भव्य निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह हनुमान मंदिर काफी पुराना और आस्था का केंद्र रहा है, लेकिन पिछले लंबे समय से उपेक्षा के कारण मंदिर जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। मंदिर परिसर में नियमित पूजा-पाठ भी प्रभावित हो रहा था। ऐसे में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिलकर मंदिर के पुनरुद्धार का संकल्प लिया।
सफाई अभियान के दौरान मंदिर परिसर की झाड़ू लगाकर सफाई की गई, आसपास फैली गंदगी हटाई गई और मंदिर को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और धार्मिक वातावरण में मंदिर पुनरुद्धार को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल-1 के उपाध्यक्ष अजीत केसरी, पुजारी अलख देव पांडे, राजू शर्मा, संजय केसरी, उत्तम साव, सुजीत केसरी, अरविंद सिंह, रतन केसरी, संतोष केसरी, दिनेश उपाध्याय, श्याम पांडे, रोहित केउड़ा सहित अनेक स्थानीय समर्थक और श्रद्धालु उपस्थित थे।
इस अवसर पर अजीत केसरी ने कहा कि जिस मंदिर में आज सफाई अभियान चलाया गया, वह क्षेत्र का अत्यंत प्राचीन हनुमान मंदिर है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से मंदिर बंद पड़ा हुआ था और उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी। अब स्थानीय लोगों के सहयोग से मंदिर को पुनर्जीवित करने की पहल की गई है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से यहां एक भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। अजीत केसरी ने यह भी कहा कि इस मंदिर की स्थापना और विकास में उनके पिता एवं दिवंगत भाजपा नेता अमरनाथ केसरी का महत्वपूर्ण योगदान रहा था। ऐसे में मंदिर के पुनरुद्धार से निश्चित रूप से उनकी आत्मा को शांति मिलेगी।
वहीं मंदिर के पुजारी अलख देव पांडे ने कहा कि यह मंदिर वर्षों पुराना धार्मिक स्थल है और क्षेत्र के लोगों की गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि मंदिर फिलहाल काफी जर्जर अवस्था में है, लेकिन अब सभी के सहयोग से इसके पुनर्निर्माण की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बहुत जल्द मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु यहां सुचारु रूप से पूजा-अर्चना कर सकें। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी मंदिर के पुनरुद्धार में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *