चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा: हत्यारों की बाइक का निकला ‘फर्जी’ कनेक्शन

बर्नपुर का पता बना जांच का केंद्र, पुलिस को साजिश और फर्जी दस्तावेजों की आशंका

आसनसोल। पश्चिम बंगाल की राजनीति को झकझोर देने वाले भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहयोगी (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच में अब एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। हत्या में इस्तेमाल की गई संदिग्ध बाइक का रजिस्ट्रेशन आसनसोल के बर्नपुर इलाके के एक पते पर मिला, लेकिन पुलिस जांच में यह पूरा कनेक्शन संदिग्ध और संभवतः फर्जी साबित होता नजर आ रहा है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, WB44D1990 नंबर की बाइक पश्चिम बर्दवान RTO में बिभाश कुमार भट्टाचार्य नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। रिकॉर्ड में उसका पता गुरुद्वारा रोड स्थित क्वार्टर नंबर AB 7/12, बर्नपुर बताया गया है। लेकिन जब पुलिस और मीडिया टीम मौके पर पहुंची, तो वहां रहने वाले धर्मवीर कुमार ने साफ तौर पर कहा कि वे न तो इस नाम के किसी व्यक्ति को जानते हैं और न ही इस बाइक से उनका कोई संबंध है।
धर्मवीर कुमार ने बताया कि यह क्वार्टर उन्हें कंपनी द्वारा आवंटित किया गया था और इससे पहले यह लंबे समय तक खाली पड़ा था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पास केवल एक अलग बाइक है और उन्होंने कभी इस पते से कोई वाहन खरीदा या बेचा नहीं। हत्या में इस्तेमाल बाइक का पता उनके घर से जुड़ा होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने गहरी हैरानी जताई।

जांच को गुमराह करने की आशंका
पुलिस सूत्रों का मानना है कि बाइक का रजिस्ट्रेशन फर्जी दस्तावेजों या नकली पहचान के जरिए कराया गया हो सकता है। अब जांच एजेंसियां RTO रिकॉर्ड, पुराने दस्तावेजों और पहचान पत्रों की गहन पड़ताल कर रही हैं। अधिकारियों को शक है कि यह पूरी साजिश जांच को भ्रमित करने और असली आरोपियों तक पहुंच रोकने के उद्देश्य से रची गई हो सकती है।
सूत्रों के अनुसार, हमलावर इलाके और भागने के रास्तों से पूरी तरह परिचित थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अपराध को अंजाम देने और फरार होने के लिए कम से कम दो बाइक और एक कार का इस्तेमाल किया गया। वारदात से कुछ घंटे पहले घटनास्थल के आसपास संदिग्ध वाहनों की मौजूदगी की भी जानकारी मिली है।

इलाके में सनसनी, पुलिस की जांच तेज
गुरुद्वारा रोड स्थित AB-टाइप क्वार्टर इलाके के लोग इस खुलासे के बाद स्तब्ध हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिस व्यक्ति के नाम पर बाइक रजिस्टर्ड बताई जा रही है, वह कभी इलाके में दिखाई नहीं दिया।
इस सनसनीखेज मामले में अब पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस हत्याकांड से जुड़े कई और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *