सिलीगुड़ी में फिर चला शंकर घोष का जादू, रिकॉर्ड जीत के साथ दोबारा बने विधायक

सिलीगुड़ी, 04 मई । सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से भाजपा नेता शंकर घोष ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गौतम देव को 73 हजार से अधिक वोटों से हराया। शंकर घोष को 1.20 लाख से ज्यादा वोट मिले। दोपहर के बाद से ही उनकी जीत साफ दिखने लगी थी, क्योंकि हर राउंड के साथ उनका बढ़त लगातार बढ़ता गया।

गौरतलब है कि 2021 में पहली बार चुनाव लड़ते हुए शंकर घोष ने माकपा के दिग्गज नेता को हराकर “जायंट किलर” की पहचान बनाई थी। बाद में उन्हें विधानसभा में भाजपा का मुख्य सचेतक भी बनाया गया।

दूसरी ओर, तृणमूल उम्मीदवार गौतम देव ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाए।

उनका आरोप है कि पोस्टल बैलेट के कुछ बॉक्स खुले हुए थे और परिणाम सामान्य नहीं लग रहे है।

इधर, राज्य में भाजपा की बढ़त के साथ ही जश्न का माहौल देखने को मिला। सिलीगुड़ी महकमा परिषद और नगर निगम परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडे लगाकर शक्ति प्रदर्शन किया।

अबीर खेलते, नारे लगाते और जश्न मनाते समर्थकों ने “आगे सभी संस्थानों पर कब्जा” करने के दावे भी किए।

कुछ कार्यकर्ताओं ने तृणमूल पर तंज कसते हुए “माछ-भात” खिलाने और “झालमुड़ी” को लेकर भी नारेबाजी की। साथ ही शहर की सरकारी इमारतों के रंग बदलने की चेतावनी भी दी गई।

वहीं, दार्जिलिंग सीट पर भी भाजपा की जीत के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया।

कुल मिलाकर, राज्य में चुनाव परिणाम के साथ ही राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और कई जगहों पर जश्न के साथ-साथ तनाव भी बना हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *