
रानीगंज/ मजदूर दिवस के मौके पर रानीगंज मारवाड़ी महिला समिति एवं फ्रेंड्स क्लब के संयुक्त तत्वाधान में रानीगंज गौशाला में काम करने वाले मजदूर वर्ग और ग्वाल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रमाण पत्र एवं फूड पैकेट प्रदान किया गया। महिलाओं ने गौशाला में साफ सफाई भी की ।
मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष संगीता सुरेखा ने कहा कि गौ सेवा करने वाले और घर-घर दूध पहुंचाने वाले कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर हौसला अफजाई किया गया। मेहनतकश मजदूरों के योगदान को पहचान देना मुख्य उद्देश्य है।
संस्था की महासचिव रश्मि केजरीवाल ने कहा कि संस्था का मूल मंत्र ‘नारी शक्ति राष्ट्र शक्ति’ है। वाणी खेतान ने कहा कि सभी बहनें सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। फ्रेंड्स क्लब की तरफ से बबीता सराफ ने मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्ष एवं महासचिव को सम्मानित किया । बबीता सराफ ने कहा कि मारवाड़ी महिला समिति लगातार सामाजिक कार्यों में अभूतपूर्व योगदान दे रही है। मजदूर दिवस पर ग्वाल कर्मचारियों को सम्मानित करना बेहतरीन पहल है।
गौशाला के अध्यक्ष राकेश तोदी एवं महासचिव गोपाल खेड़िया ने बताया कि रानीगंज में अक्सर डॉक्टर, शिक्षक, खिलाड़ी सम्मानित होते हैं। लेकिन पहली बार गौशाला के उन कर्मचारियों को मंच मिला जिनकी मेहनत से हमें शुद्ध दूध मिलता है। इस अवसर पर समिति की राज्य अध्यक्ष रश्मि सतनालिका एवं महासचिव रीना खेतान ने कहा कि मजदूर दिवस की भावना के अनुरूप यह कदम श्रम का सम्मान है। गौशाला की तरफ से ललित खेतान एवं सरवन कनोडिया ने आभार प्रकट किया। इस मौके पर गौशाला में काम करने वाले कर्मचारियों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया। फ्रेंड्स क्लब की तरफ से शरद जगना नी, कृष्ण कुमार गढ़वाल, मनीष अग्रवाल एवं अध्यक्ष सरदार दलजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।
