
कोलकाता । बड़ाबाज़ार के प्रतिष्ठित मारवाड़ी बालिका विद्यालय (शिक्षायतन फाउंडेशन की एक यूनिट) में विद्यालय के अध्यक्ष के.डी. अग्रवाल की पहल से टाटा एज स्मार्ट कक्षाओं का शुभारम्भ किए जाने से छात्राओं एवम् शिक्षिकाओं में प्रसन्नता है । यह निर्णय छात्राओं को डिजिटल युग की वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से लिया गया है । के डी अग्रवाल ने बताया समाजसेवी ललित बेरीवाल (श्याम स्टील फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त डिजिटल उपकरणों और पूर्ण सहयोग से अब छात्राएं कठिन विषयों को आधुनिक तकनीक, ग्राफिक्स और डिजिटल एनिमेशन के माध्यम से अधिक सुगमता और रुचि के साथ समझ सकेंगी । अनवेलिंग द न्यू एरा ऑफ स्मार्ट लर्निंग के संकल्प के साथ शुरू की गई यह अत्याधुनिक सुविधा कक्षा आठ से दस तक की छात्राओं के लिए समर्पित है ।

विद्यालय के अध्यक्ष के.डी. अग्रवाल, सचिव सुधा जैन और हेडमिस्ट्रेस विभा सिंह ने शैक्षणिक गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा शिक्षा में तकनीक का समावेश आज की सबसे बड़ी अनिवार्य आवश्यकता है। के.डी. अग्रवाल के नेतृत्व में विद्यालय प्रबंधन शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यालय प्रबंधन समिति साइंस विषय को उच्च माध्यमिक में शामिल करने के उद्देश्य से प्रयासरत है । अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी लेब भी स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है । के डी अग्रवाल ने शिक्षायतन फाउंडेशन एवम् विद्यालय की निरन्तर प्रगति में सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
