
रहमत नगर में पत्थरबाजी से क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी, बाल-बाल बचीं उम्मीदवार; बंपर वोटिंग के बीच बढ़ा सियासी पारा
आसनसोल। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान के बीच आसनसोल साउथ सीट से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पॉल पर हुए हमले ने चुनावी माहौल को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। रहमत नगर इलाके में उनके काफिले पर अचानक पत्थरबाजी की गई, जिससे उनकी कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा चकनाचूर हो गया।
घटना के वक्त अग्निमित्रा पॉल खुद गाड़ी में मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि यह हमला अचानक और सुनियोजित तरीके से किया गया। गनीमत रही कि उन्हें और उनके सुरक्षाकर्मियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि उनकी सेक्रेटरी को हल्की चोट आई है।
उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इस तरह की हिंसक घटनाएं चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हैं। बिना सीधे नाम लिए उन्होंने इशारों में सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के पीछे कौन है, यह जनता भली-भांति समझती है।
