जामुड़िया में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तृणमूल की शक्ति प्रदर्शन रैली, प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

केंदा अंचल में विशाल पदयात्रा, कार्यकर्ताओं ने जीत सुनिश्चित करने का किया आह्वान

जामुड़िया। विधानसभा चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में केंदा अंचल तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। यह पदयात्रा न्यू केंदा मोड़ से प्रारंभ होकर ईस्ट केंदा, केंदा गांव, तीन नंबर, बाउरी पाड़ा और चार नंबर होते हुए केंदा अंचल स्थित पार्टी कार्यालय पर जाकर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया और प्रत्याशी के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया। इस पदयात्रा का नेतृत्व केंदा अंचल तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप बनर्जी (बीजू), केंदा ग्राम पंचायत के उपप्रधान देवाशीष चटर्जी,महिला तृणमूल कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष पुतुल बनर्जी तथा महिला नेत्री तानिया चटर्जी, सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क साधा और आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। पदयात्रा के दौरान वक्ताओं ने जनता से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी हरेराम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। पदयात्रा के समापन पर केंदा अंचल अध्यक्ष संदीप बनर्जी ने अपने संबोधन में कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले मतदान में अधिक से अधिक संख्या में लोग तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में मतदान करें, ताकि हरेराम सिंह को पुनः विधायक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि तृणमूल प्रत्याशी की जीत आम जनता की जीत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने से महिलाओं के लिए ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना, युवाओं के लिए ‘युवाश्री’ जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं निरंतर चलती रहेंगी, जिससे आम जनता को सीधे लाभ मिलता रहेगा। पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि जनता विकास और जनहित की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में अपना समर्थन देगी।चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आयोजित इस पदयात्रा ने जामुड़िया क्षेत्र में राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्म कर दिया है। अब सभी की नजर 23 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *