
झाड़ग्राम, 21 अप्रैल । जिले में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। मंगलवार दोपहर झाड़ग्राम की सभा में उन्होंने कहा कि ममता सरकार की सबसे बड़ी ब्रांड एम्बेसडर खुद मोदी हैं।
अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री के झाड़ग्राम दौरे के दौरान सड़क किनारे झालमुड़ी खाने के प्रसंग को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहले झाड़ग्राम की स्थिति ऐसी थी कि 2011 से पहले लोग रात 10 बजे के बाद घर से निकलने से डरते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री आराम से सड़क पर खड़े होकर झालमुड़ी खा रहे हैं। उनके मुताबिक यह राज्य की बदली हुई स्थिति और विकास को दिखाता है।
तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सभा होने के बावजूद प्रधानमंत्री के दौरे के कारण उनके हेलिकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें इंतजार करना पड़ा। जो लोग राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर ममता सरकार पर लगातार हमला करते हैं, उन्हें यह भी देखना चाहिए कि आज झाड़ग्राम में प्रधानमंत्री खुद सड़क पर खड़े होकर स्थानीय खाना खा रहे हैं।
अभिषेक ने यह भी सवाल उठाया कि जिस दुकान से प्रधानमंत्री ने झालमुड़ी खाई, उसका दुकानदार बिहार के गया का रहने वाला है। उन्होंने पूछा कि अगर बिहार और उत्तर प्रदेश में “डबल इंजन” सरकार है, तो वहां के युवाओं को काम के लिए पश्चिम बंगाल के शहरों में आकर झालमुड़ी क्यों बेचनी पड़ रही है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग बंगाल की संस्कृति और विकास पर सवाल उठाते हैं, उन्हें जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। अभिषेक ने यह भी कहा कि झाड़ग्राम जैसे इलाके अब बदलाव का प्रतीक बन चुके हैं, जहां पहले असुरक्षा की चर्चा होती थी, वहीं अब विकास और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले जिन इलाकों में बड़े नेता जाने से डरते थे, आज वहां केंद्रीय नेता भी आसानी से सभाएं कर रहे हैं। यह बदलाव मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में हुआ है।
